केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत को खनिज क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना : केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी

0
G_Kishan_Reddy

हैदराबाद, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि केंद्र का लक्ष्य आयात पर निर्भरता कम करना और देश को खनिज क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर’ बनाना है।

खान मंत्रालय द्वारा महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी और दूसरे चरण के अन्वेषण लाइसेंस के संबंध में आयोजित एक रोड शो में रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं देश को खनिज संपदा से लाभान्वित करना और रोजगार सृजन को बढ़ाना है।

उन्होंने कहा, “मैं केंद्र सरकार की ओर से यह कहना चाहूंगा कि सरकार खनिज क्षेत्र में राजस्व के लिए काम नहीं करती। बल्कि वह खनिज क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाती है।”

भविष्य में शहरी खनन और कोयला गैसीकरण (ठोस कोयले को रासायनिक प्रक्रिया के जरिए गैस में बदलना) में महत्वपूर्ण खनिजों के निष्कर्षण के बहुत सारे अवसर को देखते हुए, उन्होंने निजी क्षेत्र से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, राज्य सरकारों और अन्य के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

केंद्रीय खान सचिव पीयूष गोयल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, पिछले चार वर्षों में संयुक्त रूप से नीलाम किए गए 364 ब्लॉकों की तुलना में रिकॉर्ड 212 खनिज ब्लॉकों की नीलामी की गई, जिससे 2015 में नीलामी प्रणाली की शुरुआत के बाद से कुल संख्या 684 ब्लॉक हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *