नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सदन में कुछ सदस्यों के देर तक बातचीत करने पर नाराजगी जताई, वहीं एक पूरक प्रश्न का उत्तर दिए जाते समय संबंधित केंद्रीय मंत्री के उपस्थित नहीं होने पर संसदीय कार्य मंत्री से इस बात को संज्ञान में लेने और आगे ऐसा नहीं हो, यह सुनिश्चित करने को कहा।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री जीतन राम माझी उस समय सदन में उपस्थित नहीं थे, जब उनके विभाग से संबंधित पूरक प्रश्न पूछा जाना था।
मंत्री के सदन में नहीं होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘‘एमएसएमई के राज्य मंत्री कौन हैं?’’
राज्य मंत्री के भी अनुपस्थित रहने का संज्ञान लेने के बाद बिरला ने संसदीय कार्य मंत्री से इस मामले को ध्यान में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि दोबारा ऐसा नहीं होना चाहिए। एमएसएमई राज्य मंत्री शोभा कदंरलाजे हैं।
हालांकि, माझी इससे पहले प्रश्नकाल में एक पूरक प्रश्न का उत्तर दे चुके थे।
बिरला ने शून्यकाल शुरू होते ही केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को आगाह किया कि वे सदन में लंबी बातचीत नहीं करें।
अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सदस्यों और मंत्रियों को सदन की कार्यवाही के दौरान लंबे समय तक बातचीत करते देखा है।
उन्होंने कहा कि सदन में अत्यावश्यक होने पर ही एक या दो मिनट तक बातचीत की जा सकती है, लेकिन कोई भी सदस्य और मंत्री खड़े होकर लंबी बातचीत नहीं करेंगे।
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि आगे से वह ऐसे सदस्यों के नाम का उल्लेख करेंगे।
उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा बनाकर रखने की जिम्मेदारी सभी की है।
इससे पहले प्रश्नकाल में बिरला ने निर्दलीय सदस्य पप्पू यादव का नाम पुकारते हुए कहा कि वह आसन की तरफ पीठ करके कई मिनट से दूसरे सदस्य से बातचीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आप तो वरिष्ठ सदस्य हैं। इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।