घुसपैठ के कारण बंगाल का अस्तित्व खतरे में: शाह

0
Amit-Shah-PTI--1767454261963

कोलकाता, दो अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ इतनी बढ़ गई है कि राज्य का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।

शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि उसने राज्य को अराजकता की स्थिति में पहुंचा दिया है, जहां गोलीबारी और बमबाजी की घटनाएं लगभग रोजाना होती हैं।

शाह ने कहा, ‘‘बंगाल में हर जगह तूफान चल रहा है। यह तूफान परिवर्तन लाने और ममता बनर्जी को अलविदा कहने के लिए है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर तरफ भ्रष्टाचार है। हर तरफ सिंडिकेट राज है। अब समय आ गया है कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और अन्य लोगों के सपनों के ‘सोनार बांग्ला’ की स्थापना की जाए।’’

उन्होंने लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।

शाह ने भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मौजूद रहने से पहले इस रैली को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *