आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को शिवाजी पार्क में किया जाएगा

0
dcf2wqsa

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) महान गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। उनके बेटे आनंद भोसले ने यह जानकारी दी।

आशा भोसले का रविवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

आनंद भोसले ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरी मां का आज निधन हो गया। लोग सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे, जहां वह रहती थीं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।’’

आशा भोसले की पोती जनाई भोसले के अनुसार, गायिका को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सूत्रों के अनुसार, दिग्गज गायिका को दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें फेफड़ों की समस्या भी थी।

आशा भोसले का जन्म आठ सितंबर 1935 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह उन्हें भी उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा दी थी। उनकी बहन मीना और भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी संगीत से जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *