आशा भोसले ने वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया, उनके गीत हमेशा अमर रहेंगे: गडकरी

0
asdewqswq

नागपुर, 12 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया।

आशा भोसले का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित गायिका के निधन की खबर हृदयविदारक है।

गडकरी ने आशा भोसले के साथ अपने पारिवारिक जुड़ाव का भी जिक्र किया। गायिका ने मंत्री के 61वें जन्मदिन के समारोह पर मुंबई में हुए कार्यक्रम में भाग लेते हुए अपने सुरों से उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

गडकरी ने कहा, ‘‘महज तीन महीने पहले ही मेरी उनसे दोबारा मुलाकात हुई थी। तब वह थकी हुई लग रही थीं और अब मुझे उनके निधन की खबर मिली है। जिस तरह लता दीदी ने संगीत के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन किया, उसी तरह आशा ताई ने भी यही उपलब्धि हासिल की।’’

गडकरी ने कहा कि आशा भोसले का विदर्भ से विशेष जुड़ाव था और उन्होंने कविवर सुरेश भट्ट की ‘केव्हा तरी पहाटे’ जैसी कई ग़ज़लों को अमर बना दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आशा ताई ने अनेक भाषाओं में गीत गाए। उनके गीत भविष्य में वर्षों तक भारतीय संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उनके निधन से पूरा संगीत जगत और भारत के सभी संगीत प्रेमी शोक में हैं। उनके परिवार को गहरा नुकसान हुआ है। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *