उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लखनऊ में आपात स्थिति में उतरा गया

0
de32wdwq

लखनऊ, सात मार्च (भाषा) विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कौशांबी जा रहे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर को लखनऊ से उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आने के कारण आपात स्थिति में उतारा गया। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मौर्य के करीबी माने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे। कौशांबी में पूर्वाह्न साढ़े गयारह बजे आयोजित सरस महोत्सव कार्यक्रम में उन्हें शामिल होना था।

जानकारी के मुताबिक उनके हेलीकॉप्टर से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद एहतियातन तुरंत अमौसी हवाई अड्डे पर उनके हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारा गया। मौर्य, उनके सहयोगी विवेक और दो पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित हैं।

भाजपा नेता ने बताया कि शनिवार सुबह उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लामार्टिनियर ग्राउंड से उड़ान भरकर कौशांबी के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या के संकेत मिले और उसमें से धुआं निकलता दिखा।

स्थिति को देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस अमौसी हवाई अड्डे पर उतार दिया और किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही हवाई अड्डा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धुआं निकलने की वजह क्या थी।

पार्टी नेताओं ने बताया कि मौर्य बिल्कुल ठीक और सुरक्षित हैं और वह अन्य हेलीकॉप्टर से बाद में कौशांबी जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *