टीवीके प्रमुख विजय भगदड़ मामले में सीबीआई की पूछताछ के तीसरे दौर के लिए दिल्ली आए

0
dfrt643ew

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने करूर भगदड़ मामले में अभिनेता और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय से यहां स्थित अपने मुख्यालय में रविवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विजय से पूछताछ का यह तीसरा दौर है। जनवरी में उनसे दो बार पूछताछ की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि अभिनेता को पहले नौ मार्च को तलब किया गया था, लेकिन उन्होंने तारीख को 15 दिन आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था।

उन्होंने बताया कि अभिनेता ने आगामी विधानसभा चुनावों के कारण राजनीतिक व्यस्तताओं का हवाला देते हुए यह भी आग्रह किया था कि पूछताछ चेन्नई या तमिलनाडु के किसी कार्यालय में की जाए।

हालांकि, दोनों अनुरोधों को एजेंसी ने अस्वीकार कर दिया और रविवार को अभिनेता को अपने मुख्यालय में तलब किया।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने करूर से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के विधायक सेंथिल बालाजी को भी 17 मार्च को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है।

उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद सीबीआई ने एसआईटी से मामला अपने हाथ में ले लिया था और वह 27 सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली के दौरान हुई भगदड़ के मामले से जुड़े सबूत जुटा रही है। इस मामले में 41 लोगों की जान चली गई थी और 60 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल अक्टूबर में सीबीआई निदेशक को जांच का जिम्मा संभालने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करने को कहा था और एजेंसी की जांच की निगरानी के लिए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *