राष्ट्रपति मुर्मू की मथुरा यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों के आवागमन पर पाबंदी

0
qsw233333

मथुरा (उप्र), 18 मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय यात्रा पर मथुरा पहुंचेंगी और शुक्रवार को वृन्दावन में स्थित रामकृष्ण सेवा मिशन चेरिटेबल अस्पताल में स्थापित कैंसर ब्लॉक का लोकार्पण करेंगी। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वह 21 मार्च को गोवर्धन में गिरिराज जी की परिक्रमा करेंगी।

अधिकारियों के अनुसार इस बीच वह तीन अलग-अलग मंदिर और तीन आश्रमों में संतों से मुलाकात करेंगी और फिर वृन्दावन में ही वात्सल्य ग्राम में स्थापित समविद बालिका सैनिक स्कूल पहुंचकर छात्राओं से बातचीत करेंगी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान वृन्दावन, मथुरा तथा गोवर्धन कस्बे के अंदर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा तथा इन सभी शहरों की ओर जाने वाले यातायात का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया, “राष्ट्रपति की यात्रा के लिए बेहद चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस के साथ-साथ सशस्त्र पुलिस बल (पीएसी) के कर्मी भी तैनात किए गए हैं। उनकी यात्रा के हर पड़ाव की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी को दी गई है।”

उन्होंने बताया, “वह तीन दिन की यात्रा के दौरान विभिन्न आश्रमों एवं मंदिरों में दर्शन करेंगी तथा आरतियों में भाग लेंगी। उनके लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया तथा अवांछित तत्वों की निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के अनुसार लगातार क्षेत्र का भ्रमण करके निरीक्षण कर रहे हैं।”

एसएसपी ने बताया कि राष्ट्रपति के काफिले का आवागमन सुगम बनाने के लिए विशेष यातायात योजना लागू कर दी गई है और हर जरूरी पॉइंट पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *