आरसीबी में आया है ठहराव, खिलाड़ियों को अपनी भूमिका पता है : कृणाल

0
sde32ww2w34rfds

बेंगलुरू, 31 मार्च (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कृणाल पंड्या का कहना है कि टीम में पिछले साल की तुलना में ठहराव आया है और खिलाड़ियों को इस सत्र में अपनी भूमिकाओं के बारे में बखूबी पता है ।

आरसीबी ने 2025 में 18 साल में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीता था और पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल में कृणाल प्लेयर आफ द मैच थे जिन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये थे । आरसीबी ने मैच छह रन से जीता था ।

कृणाल ने टीम द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ मेरा मानना है कि इस साल अधिक ठहराव आया है । पिछले साल यह नयी टीम थी और सभी एक दूसरे को समझ रहे थे । इस साल खिलाड़ियों को अपनी भूमिका, एक दूसरे की ताकत और कमजोरी बखूबी पता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ जब मैं बड़े मौकों पर खेलता हूं तो मुझे लगता है कि अगर भगवान आपको यहां तक लाये हैं तो कोई कारण होगा और मुझे लगता है कि ये बड़े मौके मेरे लिये ही बने हैं । मुझे दबाव महसूस होता है लेकिन मैं सोचता हूं कि कैसे शांतचित्त रहूं और जरूरत के मुताबिक खेलूं ।’’

उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा ,‘‘ विराट अच्छा उदाहरण हैं । आप उसकी जीत की भूख और जुनून देख सकते हैं । विराट कोहली किसी भी पीढी में पैदा होते, वह महानतम खिलाड़ियों में ही होती । उनका किसी और से मुकाबला ही नहीं है ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *