ब्रेक से तरोताजा होकर वापसी में मदद मिली, मैं बिना तैयारी के नहीं खेलता : कोहली

0
sd3333

बेंगलुरू, 28 मार्च (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 के पहले मैच में छह विकेट से मिली जीत में 38 गेंद में नाबाद 69 रन बनाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि ब्रेक से उन्हें तरोताजा होकर वापसी में मदद मिली ।

जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य के जवाब में आरसीबी ने कोहली के नाबाद 69 और देवदत्त पडिक्कल के 26 गेंद में 61 रन की मदद से 15 . 4 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाये ।

कोहली ने मैच के बाद कहा,‘‘ वापिस यहां आकर अच्छा लग रहा है । आखिरी मैच मैने पिछले साल आईपीएल फाइनल खेला था लेकिन हाल ही में वनडे श्रृंखलाओं में जिस तरह से बल्लेबाजी की , उससे मुझे लय हासिल करने में मदद मिली ।’’

अंतरराष्ट्रीय टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली ने कहा ,‘‘ मैं वह शॉट्स नहीं खेल रहा था जो आम तौर पर नहीं खेलता । मुझे पता है कि मैं लय में हूं और मैने फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है तो प्रदर्शन अच्छा ही रहेगा । हमारे पास अच्छी शुरूआत का मौका था और हमने वही किया ।’’

सिर्फ एक ही प्रारूप खेलने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले 15 साल से जिस तरह का कार्यक्रम रहा है और हमने जितनी क्रिकेट खेली है, मेरे लिये तैयारी की कमी की बजाय जरूरत से ज्यादा खेलने की थकान का जोखिम अधिक रहा है । इसलिये इन ब्रेक से तरोताजा होकर लौटने में काफी मदद मिली ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ जब भी मैं खेलने आता हूं तो 120 प्रतिशत देने की कोशिश रहती है । कभी तैयारी के बिना नहीं आता । अतिरिक्त विश्राम से मुझे मानसिक रूप से तरोताजा होने में मदद मिली । अगर आप शारीरिक और मानसिक रूप से तरोताजा होकर खेलते हैं तो टीम के लिये योगदान दे सकते हैं और यही हर खिलाड़ी करना चाहता है ।’’

देवदत्त पडिक्कल की 26 गेंद में 61 रन की पारी को शानदार बताते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ मैं पावरप्ले में आक्रामक खेलना चाहता था लेकिन जब मैने उसे इस तरह खेलते देखा तो उसे अधिक स्ट्राइक देने की कोशिश की । उसने एक बेहतरीन पारी खेलकर मैच सनराइजर्स की जद से बाहर कर दिया ।’’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *