कश्मीर में तापमान गिरा, मौसम फसलों और फूलो के लिए अनुकूल

0
67d55d878e5d6-kashmir-snowfall-280820214-16x9

श्रीनगर, 20 मार्च (भाषा) कश्मीर में असामान्य मौसम के बाद अब बारिश और बर्फबारी के चलते दिन का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है, जो फसलों और फूलों के लिए अनुकूल साबित हो सकता है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

घाटी के अधिकांश हिस्सों में रविवार से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों समेत ऊपरी क्षेत्रों में रात में बर्फबारी हुई।

मौसम में आए बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। श्रीनगर में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा।

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों के इस मौसम में वर्षा बहुत कम हुई और यह लगातार सातवां वर्ष रहा जब सर्दियों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई।

दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच सामान्य से 65 प्रतिशत कम बारिश हुई और सामान्य 284.9 मिमी वर्षा की तुलना में केवल 100.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

दिसंबर में 13.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 59.4 मिमी होती है। जनवरी में, इस क्षेत्र में 73.4 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 95.1 मिमी होती है।

हालांकि जनवरी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ वर्षा हुई, फिर भी कुल वर्षा सामान्य से कम रही और दिसंबर की कमी की भरपाई नहीं कर सकी।

फरवरी में 14.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 130.4 मिमी होती है। इस बीच तापमान अक्सर सामान्य से 10 डिग्री अधिक रहा।

मार्च के शुरुआती दिनों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा और गुलमर्ग में रिकॉर्ड 17.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हालांकि, बारिश और बर्फबारी से अब तापमान में गिरावट आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मौसम फसलों और फूलों के लिए बेहतर है, क्योंकि पहले की गर्मी के कारण कई पौधों में समय से पहले फूल आ गए थे।

शेरे-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कृषि मौसम वैज्ञानिक समीरा कय्यूम ने कहा कि जहां अभी फूल नहीं खिले हैं, वहां मौजूदा मौसम अनुकूल है और इससे सामान्य रूप से फूल खिलने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर तापमान और गिरता है तो परागण में देरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जिसके बाद मौसम में सुधार होगा। 21 से 25 मार्च के बीच मौसम के सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 23 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने किसानों को शनिवार के बाद कृषि कार्य फिर से शुरू करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *