तन्वी का शानदार अभियान सेमीफाइनल में ओकुहारा से हार से खत्म, ईशारानी भी हारीं

0
YONEX BADMINTON DELHI_14_01_3

ओरलियंस, 22 मार्च (भाषा) भारत की युवा शटलर तन्वी शर्मा को शनिवार को यहां ओरलियंस मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में अपनी गलतियों पर नियंत्रण नहीं कर पाने के कारण पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा।

वहीं एक अन्य भारतीय खिलाड़ी ईशारानी बरूआ को भी महिला एकल के सेमीफाइनल में थाईलैंड की पिचामोन ओपाटनिपुथ से 12-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे खिताबी मुकाबला ओकुहारा और ओपाटनिपुथ के बीच खेला जाएगा।

भारत की सत्रह वर्षीय खिलाड़ी तन्वी पूरे मैच के दौरान अपनी लेंथ और नियंत्रण को लेकर जूझती रहीं। विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता को 35 मिनट में 31 वर्षीय ओकुहारा (2016 की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और 2017 की विश्व चैंपियन) के हाथों 9-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

तन्वी ने पिछले साल सैयद मोदी इंटरनेशनल में ओकुहारा के खिलाफ तीन गेम के एक रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की थी।

लंबी रैलियों के लिए मशहूर ओकुहारा ने पहले गेम में 3-0 की बढ़त बना ली और फिर तन्वी की गलतियों के कारण 6-3 पर पहुंच गईं।

तन्वी लगातार लाइन से चूकती रहीं और ब्रेक तक जापानी खिलाड़ी से 6-11 से पिछड़ रही थीं। ओकुहारा ने अपनी रैलियों और जोरदार स्मैश से 19-7 की बढ़त बना ली। फिर ओकुहारा ने एक और आक्रामक स्ट्रोक के साथ 12 गेम प्वाइंट हासिल कर लिए। इस तरह भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम गंवा दिया।

कोच ने ब्रेक के दौरान तन्वी को प्रेरित करने की कोशिश की। हालांकि दूसरे गेम में भी यही सिलसिला जारी रहा। ओकुहारा 3-0 से आगे हो गईं।

भारतीय खिलाड़ी को अपने शॉट्स पर नियंत्रण रखने में काफी संघर्ष करना पड़ा। ओकुहारा ने दबाव बनाए रखा और एक और सटीक स्मैश लगाकर स्कोर 10-6 कर दिया। तन्वी के एक और वाइड शॉट ने ओकुहारा को ब्रेक के समय चार अंक की बढ़त दिला दी।

ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ी ने थोड़ी देर के लिए वापसी की और स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। ओकुहारा ने कई गलतियां कीं जिससे ऐसा हुआ।

ओकुहारा ने 25 शॉट की एक रैली जीती और फिर एक क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर वह जीत के और करीब पहुंच गईं। 18-14 के स्कोर पर ओकुहारा ने अपनी दाईं ओर डाइव लगाकर एक शानदार बचाव किया और जीत से सिर्फ दो अंक दूर रह गईं।

इसके बाद तन्वी ने फिर से वाइड शॉट खेला जिससे ओकुहारा को मैच जीतने के पांच मौके मिल गए। तन्वी ने एक मौका क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर बचाया, लेकिन फिर ओकुहारा ने एक बेहतरीन ‘स्लाइस विनर’ शॉट लगाकर मैच अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *