अजीब है कि कुछ टीम का असर अन्य से अधिक है: डिकॉक, मिलर ने आईसीसी की आलोचना की
Focus News 8 March 2026 0
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) क्विंटन डिकॉक और डेविड मिलर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आलोचना की है कि उसने कथित तौर पर दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बजाय इंग्लैंड के यात्रा कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जबकि दोनों टीम अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण हुई दिक्कतों के बीच अब तक स्वदेश लौटने का इंतजार कर रही हैं।
बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारत से शिकस्त झेलने वाला इंग्लैंड शनिवार शाम को मुंबई से लंदन के लिए सीधी चार्टर्ड उड़ान से रवाना हुआ। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम हालांकि अब भी भारत में ही हैं।
पिछले रविवार को ईडन गार्डन्स में भारत से पांच विकेट से हारने के बाद वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर हो गया जबकि बुधवार को कोलकाता में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के साथ दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी खत्म हो गया।
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों के कोलकाता से एक और चार्टर्ड उड़ान से एक साथ यात्रा करने की उम्मीद है। उड़ान के समय की अभी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इसके रविवार को रवाना होने की संभावना है।
डिकॉक ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘मजेदार है कि आईसीसी ने हमें कुछ नहीं बताया। इस बीच इंग्लैंड किसी तरह से हमारे से पहले कैसे जा रहा है? वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका तो बस अंधेरे में हैं। अजीब है कि अलग-अलग टीम का दूसरों से अधिक असर होता है।’’
टीम के डिकॉक के साथी मिलर ने भी निराशा जताई।
मिलर ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा, ‘‘मजेदार बात यह है कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बाद इंग्लैंड बाहर हुआ और आज रात चार्टर्ड उड़ान से स्वदेश वापस लौट गया जबकि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका अब भी कोलकाता में जवाब का इंतजार कर रहे हैं।’’
दो बार विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच डेरेन सैमी ने भी इस मामले पर अपनी राय दी।
सैमी ने लिखा, ‘‘डेविड मिलर पीछे बैठे लोगों को सुनाने के लिए थोड़ा जोर से बोलो।’’
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से पहले इंग्लैंड को स्वदेश भेजने के आईसीसी के फैसले पर सवाल उठाया।
वॉन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘तो इंग्लैंड बृहस्पतिवार को बाहर हो गया। आज चार्टर्ड उड़ान से स्वदेश रवाना। वेस्टइंडीज पिछले रविवार को बाहर हो गया और अब भी कोलकाता में है.. दक्षिण अफ्रीका की भी यही स्थिति है। यहीं पर ताकत पूरी तरह से गलत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति में सभी टीम के साथ एक जैसा व्यवहार किया जाना चाहिए। सिर्फ इसलिए कि आप आईसीसी में अधिक ताकतवर हैं इसका फायदा नहीं मिलना चाहिए।’’
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग के लिए उड़ान भरने की संभावना है। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम एंटीगा के लिए रवाना होगी।
टीम प्रबंधन के सदस्य और खिलाड़ी केशव महाराज, जेसन स्मिथ और जॉर्ज लिंडे सहित दक्षिण अफ्रीका टीम के कुछ सदस्य 15 मार्च से शुरू होने वाले सीमित ओवरों के दौरे के लिए रविवार को न्यूजीलैंड रवाना होंगे।
भारत रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करेगा।
