कच्चे तेल के दाम में उफान से सहमा शेयर बाजार, सेंसेक्स करीब 2,500 अंक लुढ़का

0
Stock-Market-Crash-2-300x225

मुंबई, 19 मार्च (भाषा) कच्चे तेल के दाम में तेजी और वैश्विक स्तर पर कमजोरी के रुख से स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 2,497 अंक का गोता लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 775 अंक लुढ़क गया।

पश्चिम एशिया में तेल एवं गैस संयंत्रों पर हमलों के बाद कच्चे तेल के दाम में उछाल आया है। इससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26 प्रतिशत का गोता लगाकर 74,207.24 अंक पर बंद हुआ। जून, 2024 के बाद सेंसेक्स में एक दिन में यह सबसे बड़ी गिरावट है। कारोबार के दौरान, यह 2,753.18 अंक टूटकर 73,950.95 अंक पर आ गया था।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 775.65 अंक यानी 3.26 प्रतिशत टूटकर 23,002.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद बैंक का शेयर 5.13 प्रतिशत टूट गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 6.75 प्रतिशत चढ़कर 114.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गयी। यह वृद्धि कतर में एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक गैस संयंत्र और कुवैत में दो तेल रिफाइनरियों पर ईरान के हमले के बाद हुई।

ईरान ने बृहस्पतिवार को अपने पड़ोसी देशों के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले तेज कर दिए। उसने लाल सागर स्थित सऊदी अरब की एक रिफाइनरी को निशाना बनाया और कतर के एलएनजी संयंत्रों और कुवैत की दो तेल रिफाइनरियों पर भी हमले किये। यह हमला इजराइल के उसके मुख्य प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर हमले के जवाब में किया गया।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग काफी नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में भारी गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,714.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,253.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स बुधवार को 633.29 अंक बढ़कर 76,704.13 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 196.65 अंक की तेजी के साथ 23,777.80 पर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *