स्पेन ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी अभियानों में सहयोग पर सहमति जताई: व्हाइट हाउस

0
asde4dewa

वाशिंगटन, पांच मार्च (एपी) व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि स्पेन ने व्यापार बंद करने की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों में सहयोग देने पर सहमति जताई है।

हालांकि स्पेन सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस के दावे का खंडन करते हुए पश्चिम एशिया में अमेरिकी अभियनों में सहयोग देने की बात से इनकार कर दिया है।

स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने स्पेनिश रेडियो स्टेशन कैडेना सेर से कहा, “मैं (व्हाइट हाउस की प्रवक्ता के) बयान का खंडन करता हूं। पश्चिम एशिया में युद्ध, ईरान पर बमबारी और हमारे सैन्य ठिकानों के उपयोग के संबंध में स्पेन सरकार के रुख में जरा भी बदलाव नहीं आया है।”

इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा, “जहां तक स्पेन की बात है, मुझे लगता है कि उन्होंने कल राष्ट्रपति के स्पष्ट संदेश को सुन लिया है। पिछले कुछ घंटे में मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार वह अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करने के लिए सहमत हो गए हैं। मुझे पता चला है कि अमेरिकी सेना स्पेन में अपने समकक्षों के साथ समन्वय कर रही है।”

ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि अमेरिका स्पेन के साथ सभी तरह का व्यापार बंद करेगा। ट्रंप की इस चेतावनी से एक दिन पहले अल्बारेस ने कहा था कि उनका देश अमेरिका को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत नहीं आने वाले किसी हमले के लिए दक्षिण स्पेन में संयुक्त रूप से संचालित अड्डों का इस्तेमाल नहीं करने देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *