गंगटोक, आठ मार्च (भाषा) सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और समाज के प्रति उनके समर्पण तथा योगदान को याद किया।
राज्यपाल माथुर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, मैं सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। सिक्किम की महिलाएं शिक्षा, राजनीति, समाज और अर्थव्यवस्था जैसे सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। साथ ही वे आज नेतृत्व, नवोन्मेष और सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरणा बन गई हैं। हमारी माताएं और बहनें हमारी प्रगति की आधारशिला हैं।’’
माथुर ने कहा कि सिक्किम ने ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए राज्य में पंचायत स्तर पर उन्हें 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि यह “गर्व की बात है कि सिक्किम की महिलाएं आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन के प्रतीक के रूप में उभर रही हैं।”
राज्यपाल ने कहा, “आइए, हम सब मिलकर उन्हें अधिक अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करें ताकि वे और भी अधिक ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।”
तामांग ने इस बात पर जोर दिया कि यह दिन उन महिलाओं के साहस, दृढ़ संकल्प एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन है जो समाज को प्रेरित कर रही हैं और उसे आकार दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भी कहा, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सभी महिलाओं को उनकी शक्ति, समर्पण और समाज में अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”
तमांग ने कहा कि सिक्किम में महिलाओं ने “हमारे समुदायों को मजबूत करने और शासन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, कृषि और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने में अहम भूमिका निभाई है।”