मैसूर, 14 मार्च (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि वह आखिरी सांस तक राजनीति में बने रहेंगे और जनता की यथासंभव सेवा करते रहेंगे।
सिद्धरमैया ने अपने वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे उनके बेटे और कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य यतींद्र सिद्धरमैया को राजनीतिक रूप से उसी तरह समर्थन और प्रोत्साहन दें, जैसे उन्होंने उन्हें दिया।
सिद्धरमैया ने कहा, “मेरे राजनीतिक जीवन में जीत और हार दोनों रही हैं। मैं चार चुनाव हारा हूं और सात जीते हैं। राजनीति में जीत और हार आम बात है और मैंने दोनों देखी हैं, लेकिन मैं कभी जनता की सेवा करना नहीं भूला।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज तक मैं यथासंभव जनता की सेवा करता रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। अपनी अंतिम सांस तक मैं राजनीति में रहूंगा और यथासंभव आपकी सेवा करता रहूंगा।”
मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार में जारी सत्ता संघर्ष के बीच ये टिप्पणियां आई हैं। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जाती रही हैं, जिसमें 2023 विधानसभा चुनावों के बाद दोनों के बीच कथित “सत्ता साझा करने के समझौते” का हवाला दिया जाता है।