अल्फाग्रेप को म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने के लिए सेबी की मंजूरी

0
article_104045020694ee858d8c32_1352280270_0887847001766778968_XH

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) निवेश कंपनी अल्फाग्रेप को बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही कंपनी खुदरा परिसंपत्ति प्रबंधन क्षेत्र में प्रवेश करेगी।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि अल्फाग्रेप म्यूचुअल फंड के माध्यम से उसका उद्देश्य ‘एल्गोरिदम’ आधारित निवेश को अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि खुदरा निवेशकों को भी उन उन्नत एवं व्यवस्थित निवेश उपकरणों तक पहुंच मिल सके जो अब तक मुख्य रूप से संस्थागत निवेशकों तथा अत्यधिक उच्च संपत्ति वाले व्यक्तियों के लिए उपलब्ध थे।

म्यूचुअल फंड इकाई का संचालन अल्फाग्रेप इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के तहत होगा। यह इकाई फरवरी 2026 तक अपने विशेष वैकल्पिक निवेश कोष एवं खंड प्रबंधन सेवाओं के मंचों के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों का प्रबंधन कर रही है। यह गिफ्ट सिटी में भी काम करती है।

कंपनी बयान के अनुसार, नया कारोबार उन्नत गणितीय मॉडल, कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग पर आधारित परिमाणात्मक इक्विटी एवं मिश्रित निवेश रणनीतियों पर केंद्रित होगा।

म्यूचुअल फंड कारोबार का नेतृत्व भौतिक अंबानी करेंगे, जो अल्फाग्रेप इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हैं।

अंबानी ने कहा, ‘‘ हमारी म्यूचुअल फंड पेशकश ‘इंजीनियर्ड’ निवेश होगी जो मानवीय समझ एवं मशीन की सटीकता का संयोजन होगा। हम इस अवसर के लिए सेबी के आभारी हैं और देशभर के म्यूचुअल फंड वितरक समुदाय के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।’’

अल्फाग्रेप म्यूचुअल फंड आने वाले महीनों में अपने पहले नए कोष प्रस्ताव पेश करने की योजना बना रहा है, जो व्यवस्थित इक्विटी रणनीतियों और नियम-आधारित मिश्रित उत्पादों पर केंद्रित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *