नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नये कॉरिडोर का उद्घाटन किया तथा तीन मेट्रो लाइन की आधारशिला रखी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों को सीधी संपर्क सुविधा मिल सकेगी।
मोदी ने केंद्र सरकार की ‘जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन’ (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत भी 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 33,500 करोड़ रुपये है।
मोदी ने पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का उद्घाटन किया।
इन कॉरिडोर से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क समेत दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने विस्तार योजना के चरण 5-ए के तहत तीन नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी जिनकी कुल लंबाई लगभग 16.1 किलोमीटर होगी।
इसमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर, एयरोसिटी-इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 कॉरिडोर और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं, जिनसे मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच संपर्क सुविधा में सुधार होगा।