केरल के लोग बदलाव के लिए तैयार : राहुल गांधी

0
swe2qw22

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत का भरोसा व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘टीम यूडीएफ ही टीम केरलम है।’’

गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘प्रत्येक उम्मीदवार केरल के लोगों की आवाज, आकांक्षाओं और विश्वास का प्रतिनिधित्व करता है। यह अनुभवी नेताओं और युवा परिवर्तनकर्ताओं का एक समूह है – पुरुषों और महिलाओं की एक मजबूत टीम जो अपने प्रतिनिधित्व वाले निर्वाचन क्षेत्रों की बारीकियों को समझती है।’’

वायनाड के पूर्व सांसद ने कहा, ‘‘मेरे लिए केरल मेरा घर है और केरल के लोग मेरा परिवार हैं। मैंने यहाँ के लोगों से जो कुछ भी सीखा है और जिस प्यार एवं स्नेह से उन्होंने मुझे अपनाया है, उसके लिए मैं उनका बहुत आभारी हूँ – मैं हमेशा आपका साथी रहूँगा।’’

उन्होंने कहा कि केरलम से संदेश स्पष्ट है कि लोग बदलाव के लिए तैयार हैं, और वे ऐसी सरकार चाहते हैं जो उनकी बात सुने, समझे तथा ईमानदारी से काम करे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘आगामी यूडीएफ सरकार के साथ मिलकर, मैं इस खूबसूरत राज्य के लिए बेहतर भविष्य निर्माण में मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा।’’

उन्होंने केरल में यूडीएफ की जीत का विश्वास जताते हुए कहा, ‘‘केरलम की जीत होगी। यूडीएफ नेतृत्व करेगा।’’

गांधी का यह संदेश कांग्रेस द्वारा राज्य में 140 सदस्यीय विधानसभा के नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए 92 उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद आया।

राज्य में कांग्रेस 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि इसने शेष सीट यूडीएफ के अन्य घटक दलों और कुछ निर्दलीयों के लिए छोड़ने का फैसला किया है।

दक्षिणी राज्य में कांग्रेस पिछले एक दशक से सत्ता से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *