हमारी नजर पश्चिम एशिया की स्थिति पर, कन्नड़ लोगों की सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकता : सिद्धरमैया

0
1772447914STOCK_PTI1_21_2022_003177

बेंगलुरु, दो मार्च (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में हाल में तनाव बढ़ने के बाद उत्पन्न स्थिति पर वह बारीकी से नजर रख रहे हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि विदेश में रहने वाले कन्नड़ लोगों की सुरक्षा और भलाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर कहा कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हवाई क्षेत्र में व्यवधान और उड़ानें रद्द होने के कारण लगभग 100 कन्नड़ लोग संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में और नौ लोग बहरीन में फंसे हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम इन बातों की पुष्टि करने और सहायता प्रदान करने के लिए लगातार संपर्क में हैं।’’

अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावासों के हेल्पलाइन नंबर साझा करते हुए कहा, ‘‘पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हाल में तनाव बढ़ने के बाद उत्पन्न स्थिति पर मैं बारीकी से नजर रख रहा हूं। विदेश में रहने वाले प्रत्येक कन्नड़ व्यक्ति की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) और सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) को चौबीसों घंटों के लिए सक्रिय कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के साथ निरंतर समन्वय में हैं। हमारे मुख्य सचिव ने भारत सरकार को पत्र लिखकर कन्नड़ भाषी लोगों की सुरक्षा, सहायता और संभावित वापसी के लिए तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।’’

सिद्धरमैया ने कहा कि आवश्यक सहायता प्रदान करने, जल्द से जल्द वापसी उड़ानें सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस के साथ समन्वय का अनुरोध करते हुए एक अलग पत्र भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा, “प्रभावित क्षेत्र में हमारे भाइयों और बहनों से निवेदन है कि वे धैर्य रखें और स्थानीय अधिकारियों तथा भारतीय दूतावासों द्वारा जारी सलाहों का सख्ती से पालन करें। प्रेस विज्ञप्ति में दिए गए हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संबंधित दूतावास/वाणिज्य दूतावास में पंजीकरण कराएं। हमारी टीम अनुरोधों को संकलित कर रही हैं और हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनकी सुरक्षा और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *