आर्थराइटिस में कई बार दर्द निवारक दवाओं का प्रयोग किया जाता है और इनमें से कुछ दवाएं ऐसे मरीजों में ह्रदय रोग का खतरा बढ़ा सकती हैं। आर्थराइटिस और ह्रदय रोग के सबंध के विषय में पाया गया कि आर्थराइटिस के मरीजों में ह्रदय रोग पैदा होने की संभावना 23 प्रतिशत अधिक थी। इसके अतिरिक्त ऐसे मरीजों की हार्टफेल होने की 42 प्रतिशत अधिक और स्ट्रोक होने की 14 प्रतिशत अधिक थी।
इसके अतिरिक्त स्वीडिश अध्ययन में यह पाया गया है कि जिन्हें घुटने या हिप की आर्थराइटिस है उनके ह्रदय रोग से मरने की संभावना 19 प्रतिशत अधिक पाई गई। यह खतरा आयु के साथ बढ़ता गया।
कितना सोएं हम
हर व्यक्ति की नींद की आवश्यकता अलग-अलग होती है। कुछ लोग 5-6 घंटे में ही पूरी नींद ले लेते हैं जबकि कुछ लोगों की नींद 7-8 घंटे में भी पूरी नहीं होती। ऐसे में प्रश्न यह उठता है कि कितना सोना स्वास्थ्य के लिए उचित है और कितना सोना हानिकारक हो सकता है। हाल में हुए एक अध्ययन के अनुसार एक दिन में 4 घंटे से कम या 11 घंटे से अधिक सोना स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। अध्ययन में पाया गया कि 11 घंटे से ज्यादा नींद लेने वालों में फेफड़ों की बीमारी पल्मोनरी फाइब्रोसिस होने की संभावना साधारण से 3 गुना अधिक हो जाती है। सुबह अधिक देर तक सोते रहने वाले लोगों में कोलेस्ट्राल का लेवल बढ़ जाता है और उनकी कमर का आकार भी बढ़ जाता है। 4 घंटे से कम सोने वालों में भी फेफड़ों संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। सबसे बेहतर है 7-8 घंटे की नींद नित्य लेना।
एक्सरसाइज करेंगे तो आधे कैंसर यूं ही दूर
सेहत के लिए एक्सरसाइज को बहुत अच्छा माना जाता है। एक अध्ययन के अनुसार अगर फुर्सत के समय एक्सरसाइज की जाए तो सात तरह के कैंसर के खतरों को कम किया जा सकता है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जितनी एनर्जी हम एक्सरसाइज करते समय खर्च करते हैं उतना ही असर हमारे मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार एक्सरसाइज करने से महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा 6 से 10 फीसदी तक कम हो जाता है। एक्सरसाइज से किडनी, लिवर और कोलोन कैंसर पर भी काबू पाया जा सकता है।
मटर बचाए पेट के कैंसर से
मटर को किसी भी रूप में खाएं चाहे पुलाव में या सब्जी में, इसका स्वाद बहुत अच्छा होता है। मटर बहुत फायदेमंद होती है। 100 ग्राम मटर से आप 60 कैलरीज ग्रहण करते हैं। इसमें कैलरीज कम होती हैं और न्यूट्रिशंस ज्यादा। हाल ही में हुए एक अध्ययन के अनुसार मटर पेट के कैंसर को काफी हद तक कम कर देती है।
आंवला में भरपूर होता है विटामिन सी
आंवले में उपस्थित कुछ पोषक तत्व सर्दी में बहुत फायदेमंद होते हैं। आवंले में उपस्थित विटामिन सी इम्यून सिस्टम को स्ट्रांग बनाता है। इसमें पाए जाने वाले एंटी आक्सीडेंट शरीर में मौजूद केमिकल्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं। आंवला ब्लडशुगर को तो कंट्रोल तो करता ही है साथ साथ अनीमिया से भी बचाता है। 50-50 ग्राम के दो आंवले प्रतिदिन खाएंगे तो 0.5 ग्राम प्रोटीन,13.7 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 58 ग्राम कैलरी, 1.2 मिलीग्राम आयरन पा सकते हैं।
मेथी खाएं, सर्दी भगाएं
मेथी की तासीर गर्म होती है इसलिए इसका सेवन सर्दियों में अधिक होता है। इसका सेवन आप सब्जी, परांठे, साग के रूप में कर सकते हैं। इसमें विटामिंस, आयरन, मिनरल्स और फाइबर्स अत्यधिक मात्रा में होते हैं। मेथी कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने के अतिरिक्त शुगर लेवल को कम करने में मदद करती है। यदि आप प्रतिदिन 200 से 300 ग्राम मेथी खाते हैं तो आप कई बीमारियों से बच सकते हैं।
पोषक तत्वों से भरपूर मूली
मूली कई रंगों में पाई जाती है। यह टेस्ट में तीखी और मीठी होती है। इसमें फोलिक एसिड, एक्रोबिक एसिड और पोटेशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसे आप परांठे, सलाद और सब्जी के रूप में भी खा सकते हैं। एक मूली में 30 कैलोरीज होती हैं और विटामिंस बहुत ज्यादा मात्रा में होते हैं।
