श्रीनगर, 21 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजराइल द्वारा दुनिया पर थोपा गया “अवैध” युद्ध जल्द से जल्द समाप्त होना चाहिए।
अब्दुल्ला ने यहां हजरतबल दरगाह में ईद की नमाज अदा करने के बाद पत्रकारों से कहा, “आज मैंने केवल इस अवैध युद्ध के अंत के लिए प्रार्थना की है, जिसे अमेरिका और इजराइल ने हम पर थोपा है।”
अब्दुल्ला ने कहा कि पूरा मुस्लिम जगत अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है क्योंकि ऐसा कोई मुस्लिम देश नहीं बचा है जो इस युद्ध से प्रभावित नहीं हुआ हो। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है।
अब्दुल्ला ने कहा, “इससे भारत में मुसलमानों पर भावनात्मक रूप से और हर भारतीय पर ऊर्जा संबंधी जरूरतों के लिहाज से असर पड़ता है। लोगों को अपने घरों के लिए आवश्यक (रसोई) गैस और डीजल प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।”
श्रीनगर के नौहट्टा स्थित जामिया मस्जिद को लगातार सातवें वर्ष ईद के अवसर पर सामूहिक नमाज के लिए बंद किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
अब्दुल्ला ने कहा, “सुरक्षा अधिकारियों के कथनी और करनी में विरोधाभास है। एक ओर वे कहते हैं कि सब कुछ सामान्य है, वहीं दूसरी ओर वे ऐतिहासिक मस्जिद को बंद कर देते हैं। यह कैसी सामान्य स्थिति है? मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे फैसले बदलेंगे।”