कोहिमा, 14 मार्च (भाषा) ‘वंदे मातरम्’ को लेकर गृह मंत्रालय के हालिया निर्देश के खिलाफ नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) सोमवार को कोहिमा में सार्वजनिक रैली आयोजित करेगा।
गृह मंत्रालय ने 28 जनवरी को एक अधिसूचना जारी की थी जिसमें आधिकारिक समारोहों और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय गीत को गाना या बजाना अनिवार्य किया गया है।
एनएसएफ ने बताया कि रैली सुबह 10 बजे फूलबारी स्थित ‘ओल्ड एमएलए हॉस्टल जंक्शन’ से शुरू होगी और प्रदर्शनकारी लोक भवन तक मार्च करेंगे।
रैली के दौरान नगा लोगों की चिंताओं और मांगों को उजागर करने वाला एक ज्ञापन राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।
एनएसएफ ने कहा कि हालांकि नगा लोग सभी देशों के राष्ट्रीय गीतों और प्रतीकों का सम्मान करते हैं लेकिन ‘वंदे मातरम्’ को अनिवार्य रूप से लागू करना चिंता का विषय है। उसने कहा कि इस गीत में धार्मिक और भक्तिपूर्ण प्रतीक शामिल हैं जो राज्य में कई लोगों के विश्वास और अंतरात्मा के साथ विरोधाभास पैदा कर सकते हैं।
उसने यह भी कहा कि नगा मातृभूमि ऐतिहासिक रूप से शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भूमि रही है जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग आपसी सम्मान के साथ रहते आए हैं।
समूह ने जोर देकर कहा कि शिक्षण संस्थान सीखने और गरिमा के स्थान बने रहने चाहिए तथा वे ऐसे मंच नहीं बनने चाहिए जहां छात्रों और समुदायों की इच्छा के विरुद्ध प्रतीकात्मक प्रथाएं थोप दी जाएं।
एनएसएफ ने नगा क्षेत्रों में अपनी सभी इकाइयों और अधीनस्थ निकायों को निर्देश दिया है कि वे कोहिमा रैली के प्रति एकजुटता प्रकट करने के लिए सोमवार को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें।