नीतीश के बेटे निशांत आज पटना में जद(यू) में होंगे शामिल

0
Bihar-Nishant-Kumar-Janata-Dal-United

पटना, आठ मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल होंगे, जिससे पार्टी नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत मिलेगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

निशांत ने शुक्रवार को जद(यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के निवास पर पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से मुलाकात कर भविष्य की अपनी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की थी।

जद(यू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार बैठक में उपस्थित बिहार के एकमात्र मंत्री थे।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई कर चुके निशांत 40 साल की उम्र में जद(यू) में शामिल होंगे और इस मौके पर संजय झा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

इस बीच, अटकलें लगाई जा रही हैं कि निशांत को नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

नीतीश कुमार के एक करीबी सहयोगी ने शनिवार को दावा किया कि “सर्वसम्मति” से यह निर्णय लिया गया है कि निशांत को उनके पिता के इस्तीफे के बाद नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। हरनौत से जद(यू) के विधायक हरि नारायण सिंह ने दावा किया कि निशांत को अगले महीने राज्य विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *