नीतीश आज राज्यसभा के लिए दाखिल कर सकते हैं नामांकन

0
sdfwdews

पटना, पांच मार्च (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही सबसे लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा।

कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश ने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री और राज्य की नयी सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘दो दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन जताया है। उसी विश्वास की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है। आपके भरोसे और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की एक नयी पहचान प्रस्तुत कर रहा है।’’

कुमार ने राज्य के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘इसी आकांक्षा को ध्यान में रखते हुए मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरी ईमानदारी के साथ आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अडिग रहेगा। राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।’’

वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी जीत दिलाने के बाद कुमार के पद छोड़ने से अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी नेता के मुख्यमंत्री बनने की संभावना है।

यदि ऐसा होता है तो बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा। हिंदी भाषी राज्यों में बिहार ही अब तक ऐसा राज्य रहा है जहां भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं रहा है।

बिहार से राज्यसभा की पांच सीट के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है और बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है।

राज्य विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए कुमार का संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित होना लगभग तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *