नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन कंपनी ‘नायरा एनर्जी’ ने बृहस्पतिवार को पेट्रोल की कीमतों में पांच रुपये और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।
रूस की ‘रोसनेफ्ट’ के स्वामित्व वाली इस कंपनी के देश भर में 6,967 पेट्रोल पंप हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों में मूल्य वर्धित करों (वैट) के कारण कीमतों में बढ़ोतरी का स्तर थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है। कुछ स्थानों पर पेट्रोल 5.30 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ है।
सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों (आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल) ने फिलहाल सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
निजी कंपनियों का कहना है कि सरकारी कंपनियों के विपरीत उन्हें घाटे की भरपाई के लिए सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं मिलती, इसलिए उनके पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।
भारत अपनी जरूरत का 88 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से मंगाता है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद समुद्र के रास्ते माल ढोने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे कच्चे तेल के दाम बहुत बढ़ गए थे।
सरकारी कंपनियों ने सामान्य ईंधन के दाम तो स्थिर रखे हैं, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह प्रीमियम पेट्रोल के दाम दो रुपये और बड़े उद्योगों को बेचे जाने वाले थोक डीजल के दाम करीब 22 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए थे।
दिल्ली में फिलहाल सामान्य पेट्रोल 94.77 रुपये और सामान्य डीजल 87.67 रु प्रति लीटर मिल रहा है।