नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) फिल्म ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों ने उनके काम पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह गहरी कृतज्ञता महसूस करते हैं।
धर की फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ रिलीज के लिए तैयार है। निर्देशक ने बृहस्पतिवार को अपना 43वां जन्मदिन मनाया और अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपनी टीम और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, ‘‘मैं अपना जन्मदिन ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को अंतिम रूप देने में बिताते हुए एक पल ठहरकर बीते असाधारण साल को याद कर रहा हूं।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘आज यहां बैठकर मैं गहरी कृतज्ञता से भर गया हूं—इस पूरी यात्रा के लिए, उस टीम के लिए जो हमेशा मेरे साथ चलती रही, और उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने वर्षों से मेरे काम पर भरोसा जताया है।’’
फिल्म निर्देशक आदित्य धर ने कहा कि उनका दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है और दर्शकों का भरोसा उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है।
उन्होंने कहा, “आप सभी के संदेश, ट्वीट, स्टोरीज़ और ‘आदित्य धर’ मीम्स में की गई बारीकियों को पढ़कर मेरा दिल भर आया है। काश मैं आप में से हर एक को व्यक्तिगत रूप से जवाब दे पाता, लेकिन कृपया यह जान लें कि मैं आपके प्यार और प्रोत्साहन को दिल से महत्व देता हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं इनमें से किसी भी चीज़ को हल्के में नहीं लेता। एक ऐसे उद्योग में जहां कुछ भी तय नहीं होता और हर फिल्म विश्वास की एक छलांग होती है, वहां दर्शकों का भरोसा ही सब कुछ होता है। अगर इस साल ने मुझे कुछ सिखाया है, तो वह यह है कि अपने सपनों पर विश्वास कभी नहीं खोना चाहिए, चाहे वे कितने भी बड़े क्यों न हों। ईमानदारी के साथ काम करें, अपने काम में अपनी पूरी ताकत लगा दें, तो उसका सकारात्मक परिणाम निकलेगा। भरोसा रखें कि हर छोटा कदम और हर संघर्ष हमें धीरे-धीरे वहीं ले जा रहा है, जहां हमें होना चाहिए।”
धर की फिल्म ‘धुरंधर’ दिसंबर 2025 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अभिनीत इस फिल्म में कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित गुप्त खुफिया अभियानों की कहानी दिखाई गई है।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित, ‘धुरंधर द रिवेंज’ 19 मार्च को पांच भाषाओं – हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी।