ट्रंप के कट्टर समर्थक रहे मीडियाकर्मियों ने ईरान के खिलाफ युद्ध छेड़ने के उनके फैसले पर जताई नाराजगी

0
dfrewdfew

न्यूयॉर्क, पांच मार्च (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने को लेकर अब मीडिया की उन हस्तियों की ओर से तीखी आलोचना का सामना कर रहे हैं, जो उनके कट्टर समर्थक रहे हैं और आमतौर पर उनकी सराहना करते रहे हैं।

टकर कार्लसन, मेगिन केली और मैट वॉल्श समेत विभिन्न व्यक्तियों ने इस मामले में ट्रंप से नाराजगी जताई है। इस बात पर अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस का भी ध्यान गया है, जो बचाव की मुद्रा में है।

यह सच है कि ये लोग मीडिया जगत के चुनिंदा लोगों में शामिल हैं, जो ट्रंप की आलोचना कर रहे हैं। फॉक्स न्यूज़ के सबसे बड़े पत्रकार अब भी उनके समर्थक बने हुए हैं।

अधिकांश आलोचनाएं इस बात को लेकर हो रही हैं कि ट्रंप ने इजराइल के प्रभाव में आकर युद्ध में कूदने का फैसला किया।

फॉक्स न्यूज के पूर्व एंकर और अपना खुद का मीडिया संस्थान चला रहे कार्लसन ने सप्ताहांत में एबीसी न्यूज से कहा कि यह हमला “बिल्कुल बेतुका और निंदनीय” है।

कार्लसन ने अपने पॉडकास्ट में इजराइल के प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए कहा, “यह कहना मुश्किल है, लेकिन इस मामले में निर्णय अमेरिका ने नहीं लिया। यह बेंजामिन नेतन्याहू ने लिया।”

फॉक्स न्यूज की एक अन्य पूर्व एंकर केली और अब स्वतंत्र रूप से काम कर रहीं केली ने अपने शो के दौरान, अमेरिकी हताहतों का जिक्र करते हुए कहा, “किसी भी व्यक्ति की मौत किसी दूसरे देश के लिए नहीं होनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि उन सैन्यकर्मियों ने अमेरिका के लिए अपनी जान गंवाई। मुझे लगता है कि उनकी मौत ईरान या इजराइल के लिए हुई।”

इस बीच, कैपिटल हिल ब्रीफिंग से पहले दिए गए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के बयान की काफी चर्चा हो रही है।

रूबियो ने कहा कि ट्रंप ने इसलिए सैन्य अभियान को हरी झंडी दी कि इजराइल अपने दम पर हमला करने के लिए तैयार है। रूबियो ने कहा कि हालांकि ट्रंप को यह डर भी था कि ईरान जवाबी कार्रवाई के तहत अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है।

डेली वायर के प्रस्तोता वॉल्श ने ‘एक्स’ पर लिखा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो बिल्कुल साफ तौर पर यह बता चुके हैं कि “इजराइल ने हमें मजबूर किया, इसलिए हम ईरान के खिलाफ युद्ध में हैं। यह वास्तव में सबसे बुरी बात है।”

रिपब्लिकन पार्टी की पूर्व सांसद मेरजोरी टेलर ग्रीन ने केली के पॉडकास्ट में कहा कि वह अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर बेहद गुस्से में हैं।

ग्रीन ने कहा, “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन का मतलब था पहले अमेरिका, पहले इजराइल नहीं।”

इसके अलावा भी कई हस्तियों ने ईरान के खिलाफ जंग में शामिल होने के ट्रंप के फैसले की आलोचना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *