मार्क्रम बनाम सैंटनर: दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कप्तानों की भूमिका अहम होगी

0
dfrerefe

कोलकाता, तीन मार्च (भाषा) दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को यहां टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है जिसमें दोनों टीम के कप्तानों की भूमिका अहम होगी।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर इस समय शानदार फॉर्म में हैं। अमूमन ऐसा नहीं होता कि दोनों टीमों के कप्तान ही सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हों। ऐसे में मार्क्रम और सैंटनर के बीच मुकाबला दिलचस्प होगा जो ईडन गार्डन्स में हजारों दर्शकों को रोमांच से भर देगा।

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी प्रतियोगिताओं में प्रतिद्वंद्विता 2015 में वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल के दौरान अपने चरम पर पहुंच गई थी। तब न्यूजीलैंड ने एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया था जिससे डेल स्टेन और एबी डी विलियर्स जैसे खिलाड़ियों को करारा झटका लगा था।

दक्षिण अफ्रीका अब शुकरी कॉनराड के मार्गदर्शन में खतरनाक टीम बन गई है, जिसने पिछले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतकर अपने दृढ़ संकल्प का परिचय दिया था।

दक्षिण अफ्रीका ने हालांकि अभी तक सीमित ओवरों की कोई ट्रॉफी नहीं जीती है लेकिन ‘चोकर’ का विख्यात तमगा अब उनके क्रिकेट शब्दकोश का हिस्सा नहीं है।

इस मुकाबले के केंद्र में दो ऐसे कप्तान हैं, जिनकी अक्सर उतनी प्रशंसा या चर्चा नहीं होती जितनी होनी चाहिए थी क्योंकि वह रणनीतिक और तकनीकी रूप से उन कप्तानों से कहीं बेहतर हैं जिनकी कहीं अधिक प्रशंसा की जाती है।

मार्क्रम ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 175 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं। उन्होंने पावर प्ले में गेंदबाजों को अच्छी तरह से निशाना बनाया है। दूसरी तरफ सैंटनर ने 6.35 की इकॉनमी रेट के साथ बल्लेबाजों को बांधे रखा है। उन्होंने बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया है।

मार्क्रम, क्विंटन डीकॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, रयान रिकलेटन, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर और मार्को यानसन जैसे दमदार बल्लेबाजों से सजी दक्षिण अफ्रीका की टीम किसी भी विरोधी टीम की नींद उड़ा सकती है।

लेकिन सैंटनर के पास रचिन रविंद्र (सात से कम इकॉनमी रेट से नौ विकेट), ग्लेन फिलिप्स और कोल मैककॉन्ची जैसे स्पिनर होंगे जिन्होंने अभी तक मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया है।

अगर भारत को छोड़ दिया जाए तो दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली बार इतने अच्छे स्पिन आक्रमण का सामना करेगी।

न्यूजीलैंड के पास दक्षिण अफ्रीका को चुनौती देने के लिए एक अच्छे लेग स्पिनर की कमी है क्योंकि ईश सोढ़ी ने अब तक खेले गए मैचों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है।

ईडन गार्डन्स की पिच पर दक्षिण अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड की उस टीम के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करना चाहेगी जिसने अपने सुपर आठ के मैच श्रीलंका की धीमी पिचों पर खेले थे।

यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रही है और ऐसे में फिन एलन, टिम सीफर्ट, ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल जैसे बल्लेबाज पहले बल्लेबाजी करने की स्थिति में 200 से अधिक का स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे ताकि दक्षिण अफ्रीका के सामने कड़ी चुनौती पेश की जा सके।

एक दिलचस्प पहलू यह होगा कि इस पिच पर लुंगी एनगिडी की धीमी गेंदें कितनी प्रभावी साबित होती हैं और क्या उनकी वाइड यॉर्कर और धीमी लेग कटर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लग पाएंगी।

न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन की गेंदबाजी में भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कुल मिलाकर कई ऐसे कारक हैं जिससे पहला सेमीफाइनल रोमांचक होने की संभावना है।

टीम इस प्रकार हैं:

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सीफर्ट, रचिन रविंद्र, डेवोन कॉनवे, काइल जैमीसन, जैकब डफी, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, लॉकी फर्ग्यूसन, मार्क चैपमैन, मैट हेनरी, इश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, कोल मैककॉन्ची, जेम्स नीशम।

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, रयान रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका, एनरिक नॉर्किया, जेसन स्मिथ।

मैच शुरू होने का समय: शाम सात बजे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *