एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए हरी झंडी

0
1768661283chinnaswamy-x_vb_93

बेंगलुरु, 16 मार्च (भाषा) कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी।

इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी।

आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी।

केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की। समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है।’’

आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *