लक्ष्य ने शिफेंग को हराकर ऑल इंग्लैंड के सेमीफाइनल में प्रवेश किया

0
asdfgt32ws

बर्मिंघम, सात मार्च (भाषा) भारत के लक्ष्य सेन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चीन के पूर्व चैंपियन ली शिफेंग को सीधे गेम में हराकर 1,450,000 डॉलर इनामी ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

विश्व के 12वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी सेन ने चीन के विश्व में छठे नंबर के खिलाड़ी शिफेंग को ठीक एक घंटे में 21-13, 21-16 से हराया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला कनाडा के विक्टर लाई से होगा, जिन्होंने एक अन्य क्वार्टरफाइनल मैच में जापान के कोकी वातानाबे को 18-21, 21-17, 21-15 से पराजित किया।

यह इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में लक्ष्य का तीसरा सेमीफाइनल है। वह 2022 में यहां उपविजेता रहे थे।

लक्ष्य ने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं दोनों गेम में अपने प्रदर्शन से खुश हूं। शिफेंग को भी श्रेय जाता है, उन्होंने वाकई शानदार खेल दिखाया। कुछ लंबी रैलियां चली, हम दोनों थक रहे थे, लेकिन लंबी रैलियों के बाद भी जिस तरह से मैं डटा रहा, उससे मैं खुश हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे कोच भी यही कह रहे थे कि लंबी रैलियों के बाद अतिरिक्त तैयारी रखो क्योंकि वह भी थक जाता है, इसलिए गलती करने से बचो।’’

लक्ष्य ने पहले गेम में आत्मविश्वास से भरी शुरुआत की और जल्द ही 4-1 की बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने आक्रामक और सकारात्मक खेल दिखाते हुए अपनी बढ़त 10-4 तक पहुंचा दी। इंटरवल तक वह 11-6 से आगे थे।

इसके बाद हालांकि लक्ष्य को शिफेंग के शक्तिशाली ओवरहेड क्रॉसकोर्ट स्मैश को समझने में थोड़ी देर के लिए संघर्ष करना पड़ा, फिर भी उन्होंने अपना नियंत्रण बनाए रखा और 15-11 से आगे निकल गए।

शिफेंग ने अंतर को 13-15 तक कम कर दिया, लेकिन लक्ष्य ने फिर से लय हासिल कर ली और एक नेट कॉर्ड की मदद से 18-13 से आगे हो गए। उन्होंने इसके बाद 24 मिनट में पहला गेम अपने नाम कर दिया।

दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने लक्ष्य के हर अंक का मुकाबला किया, जिससे स्कोर 6-6 हो गया। लक्ष्य ने इसके बाद दो अंकों की बढ़त हासिल कर ली, लेकिन शिफेंग ने एक शानदार क्रॉसकोर्ट स्मैश जमाया और भारतीय खिलाड़ी की बैकलाइन की गलती का फायदा उठाकर स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया।

लक्ष्य ने हालांकि इंटरवल तक एक अंक की मामूली बढ़त हासिल कर ली थी।

दोनों खिलाड़ियों के बीच इसके बाद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शिफेंग ने एक करारे स्मैश से स्कोर को 12-13 कर दिया। लक्ष्य ने हालांकि एक बेहतरीन डिफेंसिव बैकहैंड रिटर्न की मदद से अपनी बढ़त 17-13 कर दी।

शिफेंग ने 15-19 से पिछड़ने के बाद 45 शॉट की रैली जीतकर अपनी उम्मीदें जीवंत रखीं, लेकिन लक्ष्य ने जल्द ही वापसी करते हुए मैच प्वाइंट हासिल कर लिया। शिफेंग का शॉट बाहर जाने से लक्ष्य ने जीत हासिल कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *