डंकिन के साथ ‘फ्रेंचाइजी’ समझौता नहीं बढ़ाएगी जुबिलेंट फूडवर्क्स

0
jubilant-foodworks

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) देश की प्रमुख क्विक सर्विस रेस्तरां श्रृंखला संचालक जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) ने अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कॉफी एवं डोनट कंपनी डंकिन के साथ अपने ‘फ्रेंचाइजी’ समझौते को फिर नहीं बढ़ाने और उसके स्टोर चरणबद्ध तरीके से बंद करने का फैसला किया है।

‘भारतीया’ परिवार प्रवर्तित कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जेएफएल और डंकिन के बीच 24 फरवरी 2011 को किया गया मल्टीपल यूनिट डेवलपमेंट फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट (एमयूडीएफए) 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने भारत में डंकिन ब्रांड के विकास एवं संचालन के लिए किए गए एमयूडीएफए के तहत दिए गए विकास अधिकारों को मौजूदा अवधि समाप्त होने पर नवीनीकृत (रिन्यू) न करने का निर्णय लिया है।

जेएफएल ने कहा कि वह डंकिन ब्रांड के मौजूदा संचालन के संबंध में चरणबद्ध तरीके से उचित कदमों का मूल्यांकन करेगी और उन्हें लागू करेगी। इसमें कुछ परिचालन का युक्तिकरण या बंद करना, परिसंपत्तियों की बिक्री, हस्तांतरण या निपटान, अथवा ‘फ्रेंचाइजी’ अधिकारों का हस्तांतरण शामिल हो सकता है। यह प्रक्रिया डंकिन ब्रांड के मालिकों से परामर्श कर की जाएगी।

कंपनी ने कहा कि यह सभी एमयूडीएफए की शर्तों, लागू कानूनों, नियामकीय आवश्यकताओं और अनुबंधीय दायित्वों के अनुरूप किया जाएगा।

जुबिलेंट फूडवर्क्स की सेवाएं छह बाजारों भारत, तुर्किये, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान और जॉर्जिया में फैली हैं जहां इसके 3,500 से अधिक स्टोर हैं।

समूह के खंड में वैश्विक ब्रांड डोमिनोज और पोपायज के साथ-साथ तुर्किये में अपने दो ब्रांड होंग्स किचन तथा कैफे ब्रांड -कॉफी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *