ईरान में हमारे दूसरे नागरिक को हिरासत में लिया गया : जापान

0
3abbe6a0e21a1175e0fe649818e307a3

तोक्यो, छह मार्च (एपी) ईरान में जापान के एक और नागरिक को हिरासत में लिया गया है, जिसके साथ ही अब तक इस देश के दो नागरिक वहां हिरासत में लिए जा चुके हैं। जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जापान के विदेश मंत्रालय ने अपने दोनों नागरिकों की शीघ्र रिहाई का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को किए गए सैन्य हमलों से पहले ही जापान के इस दूसरे नागरिक को हिरासत में लिया गया था।

मंत्रालय ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति सुरक्षित और स्वस्थ है। लेकिन उसने यह नहीं बताया कि उसे हिरासत में कब लिया गया था या यह मामला पिछले महीने हिरासत में लिए गए एक जापानी पत्रकार से संबंधित है या नहीं।

जापानी अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए पहले व्यक्ति के संबंध में पुष्टि तो कर दी थी, लेकिन उन्होंने उसकी पहचान बताने से इनकार कर दिया था।

‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट’ (सीपीजे) ने हिरासत में लिए गए पहले व्यक्ति का नाम शिनोसुके कावाशिमा बताया है, जो जापानी सार्वजनिक प्रसारक ‘एनएचके’ के तेहरान ब्यूरो प्रमुख हैं।

प्रतिशोध के भय से नाम न छापने की शर्त पर एक अज्ञात सूत्र के हवाले से यह खबर आई है।

सीपीजे ने कहा कि कावाशिमा को 20 जनवरी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर द्वारा गिरफ्तार किया गया था और 23 फरवरी को एविन जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था।

संगठन ने कावाशिमा और अपने काम के लिए हिरासत में लिए गए अन्य पत्रकारों की तत्काल रिहाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *