ह्यूस्टन(अमेरिका), नौ मार्च (भाषा) ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के अवसर पर रविवार को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें भारतीय मूल के 800 से ज़्यादा सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम में, भारत की विविध परंपराओं को दर्शाने वाली संपूर्ण भारत की संगीत यात्रा को प्रदर्शित किया गया। 1875 में बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा लिखित राष्ट्रगीत के सम्मान में ये प्रस्तुतियां दी गईं।
भारतीय मिशन ने कहा कि कार्यक्रम में इस गीत की ‘भारत की धड़कन’ के रूप में पहचान का उत्सव मनाया गया।
महावाणिज्य दूत डी सी मंजूनाथ ने कहा कि ‘‘वंदे मातरम मातृभूमि के लिए एकता, भक्ति और प्रेम का संदेश है जो सभी पीढ़ियों को प्रेरित करता आ रहा है।’’