नेपाल में पांच मार्च को होने वाले चुनाव के मद्देनजर 72 घंटे के लिए भारत-नेपाल सीमा बंद रहेगी

0
2022_11image_15_54_169879656nepal

पिथौरागढ़, एक मार्च (भाषा) नेपाल में प्रतिनिधि सभा के लिए पांच मार्च को होने वाले चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड के सीमावर्ती पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में प्रशासन ने सोमवार से 72 घंटों के लिए दोनों देशों के बीच सीमा को बंद करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी (डीएम) आशीष भटगाई ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को पांच मार्च तक सतर्क रहने को कहा गया है।

उन्होंने बताया, “नेपाल में चुनाव समाप्त होने तक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और राज्य पुलिस जैसे सुरक्षा बलों के साथ ही खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहेंगी, जिससे इस दौरान अवांछनीय तत्वों की घुसपैठ को रोका जा सके।”

नेपाल के सीमावर्ती दार्चुला और बैताड़ी जिलों के मुख्य जिला अधिकारियों (भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में डीएम के समकक्ष) द्वारा इस संबंध में अनुरोध किए जाने के बाद भटगाई ने जिले के धारचूला, डीडीहाट और पिथौरागढ़ के उपजिलाधिकारियों को सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के अनुसार, दो से लेकर पांच मार्च की अवधि के दौरान न केवल सभी सात सीमा पुल बंद रहेंगे बल्कि सुरक्षा एजेंसिया अवैध मार्गों से उपद्रवी तत्वों के आवागमन को रोकने के लिए भी कड़ी निगरानी रखेंगीं ।

चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी अपने जिले में उपजिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने बताया, “नेपाल के ददेलधुरा के मुख्य जिला अधिकारी ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में हमसे सहयोग की अपेक्षा की थी और उनके अनुरोध पर उप जिलाधिकारियों को सीमा पर कड़ी चौकसी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *