डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित सामग्री से महिलाओं और बच्चों के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : वैष्णव

0
er44455

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने हाल में खबरों में आए एक विवादास्पद गीत का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में उठाया, जिस पर सरकार ने कहा कि डिजिटल माध्यमों पर इस तरह की सामग्री से महिलाओं और बच्चों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

सपा सांसद भदौरिया ने नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माये गए एक विवादास्पद गीत का उल्लेख प्रश्नकाल में किया। उन्होंने पूरक प्रश्न में पूछा कि ‘‘अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर विभिन्न माध्यमों से समाज में परोसी जा रही अश्लीलता को तत्काल रोकने के लिए क्या सरकार कोई कदम उठाएगी।’’

सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने उत्तर में बताया कि सदस्य ने जिस गाने के बारे में बात की है, उस पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभिव्यक्ति की आजादी में संविधान निर्माताओं ने जो तर्कसंगत पाबंदियां लगाई हैं, हमें उनके हिसाब से ही चलना चाहिए। समाज और संस्कृति के संदर्भ में अभिव्यक्ति की आजादी का ध्यान रखना चाहिए।’’

वैष्णव ने कहा कि डिजिटल माध्यमों से चीजें बहुत तेजी से फैलती हैं और उनसे समाज और विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं वंचित वर्गों के संरक्षण के लिए जो भी कड़े कदम उठाने होंगे, उन्हें उठाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *