दिल्ली में सुबह गर्मी का एहसास, वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज

0
21wfedfew3

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह गर्मी का एहसास हुआ और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

दिल्ली में अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और आमतौर पर आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

दिल्ली में मार्च के शुरुआती पांच दिनों में दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक रहा है, जबकि बृहस्पतिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जिसमें न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस था।

केंद्रवार आंकड़ों से शुक्रवार को पता चलता है कि पालम में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक था। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक था, जबकि रिज में 17.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।

सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, 43 केंद्रों में एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया जबकि दो केंद्रों में यह ‘खराब’ श्रेणी में था।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में शनिवार सुबह के लिए धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *