कोच्चि, 20 मार्च (भाषा) केरल में शुक्रवार को ईद अल-फितर को धार्मिक उत्साह और सामुदायिक समारोहों के साथ मनाया जा रहा है।
स्थानीय रूप से चेरिया पेरुन्नल कहलाने वाले इस पर्व में मस्जिदों में विशेष नमाज आयोजित की गईं, जबकि तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझिकोड और मलप्पुरम सहित शहरों में ईदगाहों में नमाज हुई।
बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह की नमाज में शामिल हुए और एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी, फिर परिवार और दोस्तों के साथ घर लौटकर त्योहार मनाया।
ईद अल-फितर रमज़ान के पवित्र महीने के समापन का प्रतीक है।
चुनाव प्रचार में व्यस्तत राजनीतिक नेताओं ने इस अवसर पर जनता को शुभकामनाएं दीं।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि मुस्लिम श्रद्धालु कठोर रोजे की अवधि के बाद ईद-उल-फितर मना रहे हैं।
उनके अनुसार, त्याग, प्रेम और कृतज्ञता ईद अल-फितर के मूल संदेश हैं, और उन्होंने दुनिया भर के मुस्लिम श्रद्धालुओं को ईद मुबारक की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, “इस शुभ अवसर पर मैं अपने सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों को ईद की हार्दिक बधाई देता हूं। ईश्वर करे यह त्योहार सभी के जीवन को सुख, शांति और समृद्धि से भर दे।”
उन्होंने कहा, “ईद भाईचारे और प्रेम का भी उत्सव है। यह दिन सभी की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए मनाया जाता है।”
केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने ईद समारोह में शामिल होने की तस्वीर फेसबुक पर साझा करते हुए समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
शिवनकुट्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘समानता और भाईचारा। हार्दिक शुभकामनाएं।’’
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने कहा, ‘‘ईद भाईचारे और मोहब्बत का त्योहार है। यह दिन सबकी खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए मनाया जाता है।’’
थंगल ने कहा कि ईद-उल-फितर पर ज़कात, जो दान का एक रूप है, अदा की जाती है ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।