चेन्नई/नागपत्तिनम/मदुरै, 21 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में शनिवार को ईद-उल-फितर के उपलक्ष्य में विशेष नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों लोग जुटे और राज्यभर में यह पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
चेन्नई के आइलैंड ग्राउंड्स और ऐतिहासिक ट्रिप्लिकेन बिग मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। साथ ही तटीय शहर नागपत्तिनम और मदुरै में भी लोगों ने ईद का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया।
कोयंबटूर के करंबुकडाई और विलुप्पुरम के विभिन्न हिस्सों में भी लोगों ने सुबह की नमाज में हिस्सा लिया और वैश्विक शांति व देश की समृद्धि के लिए दुआ की।
चेन्नई में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जे एम हारून ने ईद की शुभकामनाएं दीं और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों की निंदा की तथा वैश्विक शांति के हित में इस्लामी लोगों के खिलाफ सैन्य गतिविधियों को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।
त्योहार के मद्देनजर बाजारों में रौनक देखने को मिली। घरों में मटन बिरयानी, वट्टलप्पम और शीर खुरमा जैसे पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए।।
मदुरै में तमिलनाडु तौहीद जमात ने तमुक्कम मैदान में विशेष नमाज का आयोजन किया।
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और अन्नाद्रमुक महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने मुस्लिम समुदाय को अपनी बधाई दी।
राज्यपाल ने अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर शांति और भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में एकता को मजबूत करने में सहायक होना चाहिए।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार मुस्लिम समुदाय की शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में सामाजिक न्याय कायम रखती है।
अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने लोगों से पैगंबर मोहम्मद की दान और करुणा की शिक्षाओं का पालन करने का आग्रह किया।