मुंबई और हैदराबाद में रिलायंस पावर लिमिटेड के खिलाफ ईडी की छापेमारी

0
xd3rfe2ws

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उद्योगपति अनिल अंबानी के समूह की कंपनी ‘रिलायंस पावर लिमिटेड’ के खिलाफ धन शोधन की जांच के तहत मुंबई और हैदराबाद में कई स्थानों पर शुक्रवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस कंपनी और उसके अधिकारियों से जुड़े लगभग 10-12 ठिकानों पर दोनों शहरों में छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी की करीब 15 टीम छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं।

रिलायंस ग्रुप को इस संबंध में प्रतिक्रिया के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला।

ईडी, कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन के मामले के तहत अनिल अंबानी से जुड़ी कई कंपनियों की जांच कर रही है और इसके साथ ही विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच की जा रही है।

अनिल अंबानी (66) से ईडी ने इस जांच के तहत धन शोधन रोधी कानून के अंतर्गत दो बार पूछताछ की है।

उच्चतम न्यायालय के निर्देशों पर ईडी ने अंबानी समूह की कंपनियों के खिलाफ मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

ईडी द्वारा उच्चतम न्यायालय को दी गई जानकारी के अनुसार, उसने बैंक ऋण धोखाधड़ी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के खिलाफ धन शोधन के तीन मामले दर्ज किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *