तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (भाषा) दुबई की कंपनी सोलस्टिस डेटा ने कन्नूर जिले के मट्टनूर में केइन्फ्रा औद्योगिक पार्क में 52,600 करोड़ रुपये कर निवेश करने के लिए आधिकारिक रूप से सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस ऐतिहासिक करार के तहत, पार्क के अंदर कंपनी को 100 एकड़ जमीन का आवंटन अपनी सुविधाओं के विकास के लिए किया जाएगा।
इस एमओयू का तिरुवनंतपुरम में सोलस्टिस डेटा के कंट्री प्रमुख (इंडिया) राज बाबू तुलसीधरन और केइन्फ्रा के प्रबंध निदेशक संतोष कोशी थॉमस के बीच औपचारिक रूप से आदान-प्रदान हुआ।
यह कार्यक्रम शनिवार को उद्योग मंत्री पी राजीव और निदेशक-उद्योग पी विष्णुराज की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
दुबई मुख्यालय वाली सोलस्टिस डेटा आधुनिक एआई-आधारित उच्च प्रदर्शन वाले कंप्यूटिंग (एचपीसी) डेटा केंद्रों को डिजाइन, विकास और परिचालन करने वाली वैश्विक अगुवा कंपनी है।