कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू शेयर बाजारों में दो प्रतिशत से अधिक की तेजी

0
crude-oil

मुंबई, 25 मार्च (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच एशियाई बाजारों में तेजी के अनुरूप सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को कारोबार के दौरान दो प्रतिशत से अधिक का उछाल आया।

बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,667.14 अंक या 2.25 प्रतिशत चढ़कर 75,735.59 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 522.35 अंक या 2.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,434.75 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। केवल टेक महिंद्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग फायदे में रहे।

अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.2 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 8,009.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,867.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स मंगलवार को 1.89 प्रतिशत और निफ्टी 1.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *