बिहार के नए राज्यपाल की नियुक्ति का उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

0
fre32eew

पटना, छह मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने का स्वागत किया और कहा कि रक्षा क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव से राज्य को लाभ मिलेगा।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी इस नियुक्ति का स्वागत किया। हसनैन ने बिहार के राज्यपाल के रूप में आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा बृहस्पतिवार देर रात कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल पदों पर किए गए बड़े फेरबदल के तहत यह नियुक्ति की गई।

चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नए राज्यपाल का ‘‘राष्ट्र की सेवा में अनुभव, अनुशासन और दूरदृष्टि बिहार के विकास और सुशासन को नई दिशा देंगे।’’

उन्होंने उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह अच्छी बात है कि बिहार को एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ रक्षा अधिकारी राज्यपाल के रूप में मिले हैं। उनका अनुभव निश्चित रूप से बिहार के लोगों के लिए लाभकारी होगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *