दिल्ली के मुख्यमंत्री ने स्कूल आने-जाने में आसानी के लिए छात्राओं को साइकिल वितरित कीं

0
AA1Zl9X788

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह है कि उन्हें स्कूल आने-जाने में आसानी हो।

अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, गुप्ता ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उनसे बातचीत की।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “हमने देखा है कि कभी-कभी लड़कियों को घर से स्कूल जाने में दिक्कतें आती हैं। अब साइकिल की मदद से लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल आ जा सकेंगी।”

गुप्ता ने कहा कि इस पहल से बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है।

उन्होंने कहा, “इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा में उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है। इससे उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी, पढ़ाई बीच में छोड़ने की दर कम होगी और माता-पिता की चिंता भी कम होगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली का भविष्य इन बेटियों की उड़ान से ही उज्ज्वल होगा और मां दुर्गा से यही प्रार्थना है, हर बेटी सशक्त बने, हर घर में सुख-समृद्धि आए और यह भक्ति और शक्ति का संगम सदैव बना रहे।’’

दिल्ली सरकार ने 2026-27 के अपने बजट में नौवीं कक्षा की लगभग 1,30,000 छात्राओं को मुफ्त साइकिल उपलब्ध कराने के लिए 90 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *