दीपक गुप्ता ने गेल के चेयरमैन का पद संभाला

ert54

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी कार्यकारी दीपक गुप्ता ने देश की सबसे बड़ी गैस पारेषण और विपणन कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पद संभाल लिया है।

कंपनी ने बयान में कहा कि दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियर गुप्ता को प्राकृतिक गैस पारेषण, विपणन और बुनियादी ढांचा विकास का व्यापक अनुभव है। इससे पहले उन्होंने गेल में परिचालन, व्यवसाय वृद्धि और कॉरपोरेट प्रबंधन में प्रमुख नेतृत्व वाली भूमिकाएं निभाई हैं।

बयान में कहा गया, ”उनकी विशेषज्ञता परियोजना और निर्माण प्रबंधन, अनुबंध और वैश्विक खरीद, प्रौद्योगिकी चयन, व्यवसाय वृद्धि तथा परिचालन और रखरखाव तक है।”

उन्होंने संदीप कुमार गुप्ता का स्थान लिया है, जो 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। उनका कार्यकाल 28 फरवरी, 2029 तक होगा।