तिरूवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्टी पार्टी (माकपा) और कांग्रेस पर ‘‘मैच फिक्सर’’ होने और केरल की जनता के साथ ‘‘खेल खेलने’’ का आरोप लगाया।
नवीन ने लोगों से नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने का भी आग्रह किया।
भाजपा नेता ने यहां अटिंगल में अपने रोड शो के दौरान और बाद में एक टीवी चैनल से बातचीत में यह आरोप लगाया।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। उनसे पूछा गया था कि कांग्रेस और माकपा, दोनों एक-दूसरे पर भाजपा के साथ ‘‘गुप्त समझौता’’ करने का आरोप लगा रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘वे मैच फिक्सर हैं। वे पिछले कई सालों से केरल की जनता के साथ खेल, खेल रहे हैं। जनता अब बदलाव चाहती है। उन्हें भ्रष्टाचार मुक्त और विकासोन्मुखी सरकार चाहिए और केवल भाजपा ही ऐसा कर सकती है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) केरल में सरकार बनाएगा।
पार्टी ने अटिंगल विधानसभा क्षेत्र से अधिवक्ता पी. सुधीर को उम्मीदवार बनाया है।