कांग्रेस ने असम के लिए 42 उम्मीदवार घोषित किए, गोगोई को जोरहाट से टिकट

sdcfredw

नयी दिल्ली/गुवाहाटी, चार मार्च (भाषा) कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपने 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई का नाम भी शामिल है, जिन्हें जोरहाट से टिकट दिया गया है।

पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची, राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से पहले जारी की गई है। प्रदेश में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।

गौरव गोगोई ने मंगलवार को आगामी विधानसभा चुनावों में जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से टिकट देने के लिए पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त किया।

टिकट की घोषणा के बाद गोगोई ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।

कांग्रेस ने असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया को नाजिरा विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। यहां से वह वर्तमान में विधायक हैं।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे गोगोई मौजूदा समय में जोरहाट संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र गौरव गोगोई फिलहाल लोकसभा में पार्टी के उपनेता भी हैं।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा को बारछल्ला विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने रुपानीनट से नूरुल हुदा, सोनारी से उत्पल गोगोई, सिलचर से अभिजीत पॉल और नलबाड़ी से अशोक कुमार शर्मा को टिकट दिया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को इस बार असम विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है और उम्मीदवारों के चयन में उनकी प्रमुख भूमिका मानी जा रही है।

वर्तमान में, असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक है, जबकि उसके सहयोगी एजीपी के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं।

विपक्षी खेमे में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 सदस्य और माकपा का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।