चाकणकर का इस्तीफा मुख्यमंत्री फडणवीस को भेज दिया गया: सुनेत्रा पवार

0
d3f51650-feac-11f0-8431-c5caf4139334.jpg

मुंबई, 21 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का इस्तीफा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

सुनेत्रा पवार, सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्रमुख हैं।

रूपाली चाकणकर ने दुष्कर्म के आरोपी ‘स्वंयभू ज्योतिषी’ अशोक खरात से संबंधों को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करने के बाद इस्तीफा दे दिया था।

राकांपा की महिला शाखा की प्रमुख चाकणकर ने शुक्रवार को सुनेत्रा पवार को अपना इस्तीफा सौंपा।

सूत्रों के अनुसार, इससे पहले चाकणकर ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की थी, जिन्होंने उनसे इस्तीफा देने को कहा था।

सुनेत्रा पवार ने एक बयान में कहा कि चाकणकर ने मौजूदा स्थिति और ‘स्वयंभू ज्योतिषी’ अशोक खरात की गिरफ्तारी से जुड़ी जांच के मद्देनजर पद छोड़ने का फैसला किया है।

सुनेत्रा ने कहा, “मौजूदा परिस्थितियों और जारी जांच को ध्यान में रखते हुए चाकणकर ने इस्तीफा दे दिया। जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मैंने उनका इस्तीफा आगे की प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री को भेज दिया है।’’

चाकणकर को 15 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *