सीबीआई ने करूर भगदड़ मामले में विजय को फिर तलब किया

0
e3eddffd

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अभिनेता एवं तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय को करूर भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को तलब किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अभिनेता से इससे पहले 12 और 19 जनवरी को सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ की गई थी।

अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान सीबीआई को कुछ नयी सामग्री मिली है, जिस पर अभिनेता से पूछताछ और स्पष्टीकरण की आवश्यकता है, इसी के लिए उन्हें नया नोटिस भेजा गया है।

उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद सीबीआई ने इस मामले की जांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) से अपने हाथों में ले ली थी। सीबीआई 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली के दौरान हुई भगदड़ से संबंधित सबूत जुटा रही है।

इस भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 60 से अधिक लोग घायल हुए थे।

पिछले साल अक्टूबर में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई निदेशक को निर्देश दिया था कि जांच का जिम्मा संभालने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करें। उच्चतम न्यायालय ने इस जांच की निगरानी के लिए शीर्ष अदालत के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति का भी गठन किया था।

न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति एन.वी. अंजारिया की अगुवाई वाली पीठ ने कहा था कि भगदड़ ने देशभर के नागरिकों के मन पर गहरा आघात पहुंचाया है।

शीर्ष अदालत ने कहा था कि इसका नागरिकों के जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ा है और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के मौलिक अधिकारों को सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पीठ ने कहा था, ‘‘आपराधिक न्याय प्रणाली में आम जनता का जांच प्रक्रिया पर विश्वास और भरोसा बहाल किया जाना चाहिए और ऐसा विश्वास पैदा करने का एक तरीका यह है कि इस मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पूर्वाग्रह रहित हो।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *